शहाबगंज,चंदौली
स्थानीय विकासखंड के सेमरा बगीचा में हर शनिवार की तरह इस शनिवार को भी “मातृ भूमि सेवा ट्रस्ट” की ओर से निःशुल्क नेत्र जांच एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
भीषण गर्मी और तपती धूप के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण शिविर में पहुंचे और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा ग्रामीणों की आंखों की विस्तृत जांच की गई।
जांच के दौरान मोतियाबिंद सहित विभिन्न नेत्र रोगों से पीड़ित मरीजों की पहचान की गई, जिन्हें आगे के ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। साथ ही मरीजों को आवश्यक दवाएं वितरित की गईं तथा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े महानिदेशक (डीजी) ध्रुव कांत ठाकुर ने ट्रस्ट के सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों से निरंतर चल रहा यह सेवा अभियान अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक है। उनके संबोधन से उपस्थित कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी रघुराज अपनी पत्नी डॉ. प्रिया के साथ मौजूद रहीं। वहीं एडीओ पंचायत अरविंद कुमार सिंह तथा “मातृ भूमि सेवा ट्रस्ट” के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।
अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रूप से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता है और आगे भी यह सेवा अभियान जारी रहेगा। शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाजहित में अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।
रिपोर्ट : मोहम्मद तस्लीम
















