चंदौली
चंदौली जिले में आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) के त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है।
सोमवार को पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी (DM) चन्द्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक (SP) आकाश पटेल की संयुक्त अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए मुस्लिम धर्मगुरुओं और गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया और प्रशासन के साथ त्योहार की तैयारियों पर चर्चा की। बुनियादी सुविधाओं को लेकर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने त्योहार के मद्देनजर आम जनता की सहूलियत पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि बकरीद के अवसर पर पूरे जिले में साफ-सफाई की चाक-चौबंद व्यवस्था होनी चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने त्योहार के दिनों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति और बिना कटौती के विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि किसी भी नागरिक को त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
पीस कमेटी की बैठक में समाजसेवी ईशान मिल्की ने कहा कि चंदौली हमेशा से गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल रहा है। यहां हिंदू-मुस्लिम भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ हर त्योहार मनाया जाता है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस वर्ष भी सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाएंगे। उन्होंने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की कुर्बानी से संबंधित फोटो या वीडियो साझा न करें, ताकि समाज में सौहार्द और शांति बनी रहे।
साथ ही सभी से प्रशासन का सहयोग करने और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाए रखने का अनुरोध किया। साथ ही उन्होंने मुगलसराय कोतवाल विजय प्रताप सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने एक दिन पहले ही पीस कमेटी की मीटिंग थाने पर ली थी जिसमें दिशा निर्देश से सभी को अवगत करा दिया था
पुलिस अधीक्षक की अपील:
सुरक्षा और शांति व्यवस्था के संबंध में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बैठक में उपस्थित सभी धर्मगुरुओं और गणमान्य व्यक्तियों से सहयोग की अपील की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि बकरीद की नमाज केवल निर्धारित स्थलों और मस्जिदों के अंदर ही अदा की जाए, सड़कों या खुले स्थानों पर भीड़ न जुटाई जाए। इसके साथ ही उन्होंने सख्त लहजे में हिदायत दी कि कुर्बानी के दौरान प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी बिल्कुल न की जाए और न ही सोशल मीडिया पर कोई भड़काऊ पोस्ट डाली जाए।
संदिग्ध गतिविधियों पर नजर और बैठक में मौजूद रहे ये वरिष्ठ अधिकारी

SP आकाश पटेल ने नागरिकों से अपील की कि यदि क्षेत्र में कोई भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना संज्ञान में आती है, तो उसकी सूचना तुरंत स्थानीय थाना पुलिस को दें।
इस बैठक में सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चंद्रशेखर, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन सतीश चन्द्र शुक्ला समेत जनपद के सभी उपजिलाधिकारी (SDM), क्षेत्राधिकारी (CO), थाना प्रभारी और संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : ईशान मिल्की
















