जौनपुर
जौनपुर जनपद में पुलिस विभाग की कार्यशैली को और अधिक जवाबदेह एवं अनुशासित बनाने की दिशा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में चर्चा का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपने दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता पाए जाने पर थाना बक्सा में तैनात मुख्य आरक्षी राम प्रवेश यादव, पुलिस लाइन जौनपुर के आरक्षी शमशाद अली तथा आरक्षी राहुल कुमार को निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस विभाग के सूत्रों के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लगातार पुलिस व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। और जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई को गंभीरता से लिया जा रहा है। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई है। साथ ही मामले की विस्तृत विभागीय जांच भी कराई जा रही है। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस कदम को पुलिस विभाग में जवाबदेही और अनुशासन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों का स्पष्ट संदेश है। कि पुलिस की वर्दी केवल अधिकार नहीं बल्कि जिम्मेदारी का प्रतीक है। और कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
जनपद के पुलिसकर्मियों के बीच यह कार्रवाई एक स्पष्ट संकेत के रूप में देखी जा रही है। कि उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मान मिलेगा, जबकि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इससे पुलिस व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं जनविश्वास के अनुरूप बनाने में सहायता मिलेगी।
रिपोर्ट : सुरेश कुमार शर्मा
















