वाराणसी/राजातालाब
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के मेहदीगंज निवासी एवं नवनियुक्त भाजपा जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल के निजी आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने पहुंचकर उन्हें अंगवस्त्र, माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अखिल भारतीय किसान नेता मंडल सदस्य मुरली पटेल ने अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर राम सकल पटेल का अभिनंदन करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जनहित, किसान हित और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि क्षेत्र के युवाओं, किसानों और आम जनता की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा।
कार्यक्रम में डॉ. प्रेम कुमार शर्मा, संजय कुमार सिंह, बच्चेलाल पटेल, डॉ. राजेश गुप्ता, अभय गुप्ता, कार्यकारिणी सदस्य अश्विनी गुहा, मंडल सदस्य डॉ. गौरव गुप्ता (बाल रोग विशेषज्ञ), संजय पटेल, ग्राम प्रधान विनोद पटेल, पूर्व ग्राम प्रधान रवींद्र पटेल, रुचिका चौधरी (मंडल अध्यक्ष महिला मोर्चा), अमन चौधरी, रेखा चौहान (महामंत्री महिला मोर्चा) सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विशेष रूप से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) खेल एवं सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के भदोही जिलाध्यक्ष अमर शर्मा (कप्तान) ने भी पहुंचकर राम सकल पटेल को शुभकामनाएं दीं और कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों को जनहित के मुद्दों पर मिलकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से समाजसेवा, राष्ट्र निर्माण और जनहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विकास, रोजगार, किसान हित, शिक्षा और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। उपस्थित युवाओं ने समाज और राष्ट्र के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
युवाओं के लिए संदेश
आज देश का युवा केवल राजनीति नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और विकास की राजनीति चाहता है। जब संगठन समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी आवाज बनते हैं। तब नई ऊर्जा और नया विश्वास पैदा होता है। यही कारण है कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता जनसेवा के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। और उसका सकारात्मक नेतृत्व ही विकसित भारत का मार्ग प्रशस्त करेगा।
रिपोर्ट : सुरेश कुमार शर्मा
















