घोड़ासहन, मोतिहारी, 14 जून 2026
विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर घोड़ासहन के जवाहरलाल नेहरू कॉलेज परिसर में रक्तदान, स्वास्थ्य सेवा और जन-जागरूकता का संगम देखने को मिला। रोटरी क्लब घोड़ासहन, रेड क्रॉस सोसाइटी पूर्वी चम्पारण और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में विशाल रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर और लोक शिकायत जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रेड क्रॉस सोसाइटी के पदेन अध्यक्ष सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शैलेन्द्र भारती ने कहा, “रक्तदान मानवता की सर्वोच्च सेवाओं में से एक है।” उनके मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में 50 से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा की मिसाल पेश की।
स्वास्थ्य शिविर में जनरल फिजिशियन डॉ. दिव्यांदीप, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. एल.बी. प्रसाद, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुराग अमर, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. आशुतोष कुमार और नेत्रिका फाउंडेशन के डॉ. कमलेश कुमार समेत विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने 200 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। रक्तचाप, मधुमेह, नेत्र, दंत और अन्य बीमारियों की जांच के साथ निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।

मुख्य अतिथि शैलेन्द्र भारती ने कहा कि विकसित बिहार के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार पर विशेष ध्यान जरूरी है। “सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सहयोग शिविर और लोक शिकायत निवारण व्यवस्था का उद्देश्य दोषारोपण नहीं, बल्कि समस्याओं का समाधान और जनता-प्रशासन के बीच विश्वास मजबूत करना है,” उन्होंने कहा। उन्होंने जीविका दीदियों से संवाद कर सरकारी योजनाओं की जानकारी भी परखी।
कार्यक्रम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, बीडीओ, पंचायत राज पदाधिकारी समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। 100 से अधिक जीविका दीदियों की सक्रिय सहभागिता आकर्षण का केंद्र रही।

जवाहरलाल नेहरू कॉलेज परिवार ने श्री भारती को उनकी रचित पुस्तक ‘सुगौली का इतिहास’ और कॉलेज से जुड़ी पुस्तकों का सेट भेंट कर सम्मानित किया।
रोटरी क्लब घोड़ासहन के अध्यक्ष रंजीत अग्रवाल और रोटरी क्लब मोतिहारी के अध्यक्ष अभिमन्यु जी ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों और स्वयंसेवकों का आभार जताया। उन्होंने युवाओं से नियमित रक्तदान का आह्वान किया।

जिला प्रशासन, रेड क्रॉस, रोटरी क्लब, नेत्रिका फाउंडेशन और जीविका समूहों के संयुक्त प्रयास से कार्यक्रम सफल रहा। लोगों ने ऐसे आयोजनों को जनस्वास्थ्य और सुशासन के लिए जरूरी बताया।
रिपोर्ट – अमरजीत सिंह
















