वाराणसी:
ब्रह्माघाट और बूंदी परकोटा घाट पर नाव संचालन को लेकर विवाद गहरा गया है। माँ गंगा नाविक सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारियों और नाविकों ने सोमवार को डीसीपी काशी को ज्ञापन सौंपकर कुछ दबंगों पर जबरन घाट खाली कराने और नाव हटवाने का आरोप लगाया।
नाविकों ने बताया कि उनके परिवार पीढ़ियों से गंगा में नाव संचालन कर जीवनयापन कर रहे हैं। उनके पास नगर निगम द्वारा जारी वैध लाइसेंस भी मौजूद है। इसके बावजूद कुछ लोग उन्हें लगातार धमका रहे हैं और घाट छोड़ने का दबाव बना रहे हैं।
ट्रस्ट के अध्यक्ष कन्हैया निषाद ने कहा कि प्रशासन इस मामले में निष्पक्ष जांच करे और दोषियों पर कार्रवाई करे। उन्होंने नाविक परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और घाटों पर शांतिपूर्ण तरीके से नाव संचालन कराने की मांग की।
नाविकों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। मामले में पुलिस प्रशासन ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।
रिपोर्ट : राहुल मोदनवाल
















