शहाबगंज/चंदौली
चकिया-चंदौली मार्ग पर करनौल चौराहा के पास कई दिनों से सड़क पर गिरी मिट्टी लोगों के लिए खतरा बनी हुई है। गुरुवार को हल्की बारिश के बाद सड़क पर फिसलन बढ़ गई, जिससे बाइक सवारों और अन्य राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।

यह मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। सड़क पर जगह-जगह जमा मिट्टी के कारण वाहन चालक संभलकर निकलने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बाइक सवार फिसलते-फिसलते बचे। लोगों का आरोप है कि मिट्टी लदे ट्रैक्टरों के आवागमन से लगातार सड़क पर मिट्टी गिर रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग ध्यान नहीं दे रहा।

इससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता सुनील ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और संबंधित ग्राम प्रधान को मिट्टी हटवाने के लिए कहा गया है।
रिपोर्ट – मोहम्मद तस्लीम
















