मोतिहारी, 14 जून 2026
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत बिहार सरकार द्वारा संचालित यूएलए (ULA) परियोजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। इस महत्वाकांक्षी योजना पर लगभग 1,512 करोड़ रुपये की लागत आएगी, जिसके तहत राज्य के 2.5 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं को लाभान्वित किया जाएगा।

इसके अंतर्गत योजना के प्रथम चरण में पूर्वी चंपारण जिले के 13,167 उपभोक्ताओं के घरों पर निःशुल्क सोलर पैनल स्थापित किए जाएंगे, जिससे उन्हें स्वच्छ एवं किफायती ऊर्जा उपलब्ध होगी तथा बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आएगी। यह योजना राज्य में अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर मोतिहारी स्थित राजेंद्र सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी जिलाधिकारी मुकेश कुमार सिन्हा, सांसद प्रतिनिधि पंकज कुमार श्रीवास्तव, मोतिहारी विधायक प्रमोद कुमार, हरसिद्धि विधायक कृष्णनंदन पासवान, मधुबन विधायक राणा रणधीर, पीपरा विधायक श्याम बाबू प्रसाद यादव, गोविंदगंज विधायक राजू तिवारी, चिरैया विधायक लालबाबू प्रसाद गुप्ता, कल्याणपुर विधायक सचिन्द्र प्रसाद सिंह उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विद्युत विभाग की ओर से अधीक्षण अभियंता (विद्युत आपूर्ति अंचल, मोतिहारी), राकेश रौशन,अधीक्षण अभियंता (ट्रांसमिशन), वरुण कुमार सहित विभाग के सभी कार्यपालक अभियंता (EEE), सहायक विद्युत अभियंता (AEE), कनीय विद्युत अभियंता (JEE) तथा लगभग 100 लाभुकों ने भाग लिया।
वक्ताओं ने कहा कि यह योजना नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ उपभोक्ताओं को बिजली व्यय में राहत प्रदान करेगी तथा पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी l
रिपोर्ट – अमरजीत सिंह
















