
वाराणसी, 12 जून 2026
उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अपनाई गई जीरो टॉलरेंस नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। गंभीर अपराधों में उल्लेखनीय कमी आई है और अपराधियों में कानून का भय बढ़ा है।
डीजीपी राजीव कृष्ण वाराणसी पुलिस लाइन में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने बताया कि जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक में थाना, कमिश्नरेट और जनपदीय स्तर के पुलिस संबंधी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
डीजीपी ने कहा कि पिछले 8-9 वर्षों में प्रदेश पुलिस ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में प्रभावी काम किया है। इससे आम नागरिकों, खासकर महिलाओं और व्यापारियों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई हैं।
महिला सुरक्षा पर डीजीपी ने बताया कि मिशन शक्ति के तहत हर थाने में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनके उत्साहजनक परिणाम मिले हैं। हाल ही में भर्ती हुए 60,244 आरक्षी प्रशिक्षण के बाद जिलों में तैनात किए जा चुके हैं। जनपदीय प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ये थानों में नियमित पुलिसिंग में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
यातायात प्रबंधन पर उन्होंने कहा कि शहरों में जाम कम करने के लिए रिड्यूसिंग ट्रैफिक कंजेशन योजना पर काम हो रहा है। साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं में कमी और कानून-व्यवस्था पर पूरे प्रदेश में योजनाबद्ध अभियान चल रहे हैं ।
डीजीपी ने बताया कि वाहन चोरी और फ्लीट मैनेजमेंट से जुड़े मामलों में कार्रवाई के चलते यूपी देश के टॉप-5 राज्यों में शामिल हुआ है। आने वाले समय में इन क्षेत्रों में और व्यापक अभियान चलाए जाएंगे।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि यूपी पुलिस अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध की रोकथाम और बेहतर यातायात व्यवस्था में नए मानक स्थापित करेगी।
इस मौके पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और एडीजी जोन पीयूष मोर्डिया भी मौजूद रहे।
रिपोर्ट – विवेक कुमार यादव
















