वाराणसी:
आगामी गंगा दशहरा और बकरीद त्योहार के मद्देनजर जिला प्रशासन ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सोमवार को गोदौलिया चौराहे पर ड्रोन कैमरे से निगरानी शुरू की गई। भीड़भाड़ वाले इस इलाके में ड्रोन के जरिए चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि त्योहारों पर शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हाईटेक निगरानी की जा रही है। ड्रोन से भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। गोदौलिया काशी का सबसे व्यस्त इलाका है और यहां त्योहार पर बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन से मिली तस्वीरें और वीडियो सीधे कंट्रोल रूम भेजी जा रही हैं। किसी भी तरह की गड़बड़ी की आशंका पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर ड्रोन से पैनी नजर रखी जा रही है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। संवेदनशील इलाकों में भी ड्रोन से निगरानी बढ़ाई जाएगी।
















