वाराणसी:
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन कराने के नाम पर श्रद्धालुओं से अवैध वसूली करने वाले 25 दलालों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजन त्रिपाठी के नेतृत्व में शनिवार सुबह 4 बजे की गई।
पुलिस ने चेकिंग के दौरान 22 दलालों को चौक थाना क्षेत्र और 3 को दशाश्वमेध थाना क्षेत्र से हिरासत में लिया। सभी आरोपियों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है।
मंदिर प्रशासन और पुलिस को लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि कुछ दलाल वीआईपी दर्शन, सुगम दर्शन और जल्दी दर्शन कराने का झांसा देकर श्रद्धालुओं से मोटी रकम वसूल रहे हैं। इसी को लेकर भोर में औचक चेकिंग अभियान चलाया गया।
एसीपी डॉ. अतुल अंजन त्रिपाठी ने बताया कि सभी 25 आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है। मंदिर परिक्षेत्र को दलालों से मुक्त रखने के लिए आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मंदिर क्षेत्र में दलाली करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
















