वाराणसी, 14 अप्रैल 2026

वाराणसी मलदहिया क्षेत्र में सोमवार को सामाजिक कार्यकर्ता आशीष कुमार के नेतृत्व में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े ही हर्ष और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आशीष कुमार द्वारा आम जनमानस के लिए निशुल्क ठंडे शरबत वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मलदहिया चौराहे पर सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चले इस कार्यक्रम में रास्ते से गुजरने वाले सैकड़ों राहगीरों, रिक्शा चालकों, मजदूरों और स्थानीय लोगों को रूहअफजा का ठंडा शरबत पिलाकर बाबा साहेब के जन्मदिवस की बधाइयां दी गईं। भीषण गर्मी में ठंडा शरबत पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे।

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें सभी समाज और वर्ग के महिला-पुरुषों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए लोगों ने एक साथ डॉ. अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके विचारों को याद किया और संविधान निर्माता के प्रति कृतज्ञता जाहिर की।
‘ इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता आशीष कुमार ने कहा, “बाबा साहेब ने हमें समानता, शिक्षा और संघर्ष का रास्ता दिखाया। उनकी जयंती पर शरबत वितरण का उद्देश्य सिर्फ प्यास बुझाना नहीं, बल्कि उनके ‘पहले इंसान बनो‘ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। जब तक समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान और अधिकार नहीं पहुंच जाते, हमारा काम अधूरा है।
स्थानीय लोगों ने आशीष कुमार के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजनों से महापुरुषों के विचार युवा पीढ़ी तक पहुंचते हैं। कार्यक्रम देर शाम तक शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
रिपोर्ट – विवेक कुमार यादव
















