वाराणसी
आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रोहनिया एसीपी संजीव कुमार शर्मा के नेतृत्व में कोटवां चौकी क्षेत्र में फ्लैग मार्च एवं फुट पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। बुधवार को कोटवां क्षेत्र सहित विभिन्न इलाकों में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि नमाज नियमित रूप से मस्जिदों में अदा की जाए तथा अधिक भीड़ होने की स्थिति में सड़क पर नमाज अदा न कर दो चरणों में नमाज पढ़ी जाए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कुर्बानी निर्धारित नियमों के तहत घरों के भीतर ही की जाए। साथ ही लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी।
रोहनिया एसीपी संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि त्योहार के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, जबकि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल भी मौजूद रहेगा।
इस अवसर पर लोहता थाना प्रभारी दिगम्बर उपाध्याय, कोटवां चौकी इंचार्ज ऋतुराज मिश्रा, उप निरीक्षक शशिकांत मिश्रा, दीवान रामकेवल प्रजापति सहित पीएसी बल एवं पुलिस टीम के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से संयम एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी समस्या या अफवाह की स्थिति में तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा प्रशासन से संपर्क करें।
रिपोर्ट – रामबिलास यादव















