पेट्रोल-डीजल की कीमतों के बाद अब रसोई के सामान ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। अरहर दाल 120 रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गई है, जबकि देसी घी 710 रुपये किलो से ऊपर बिक रहा है। रिफाइंड तेल समेत किचन के अन्य सामान के दाम भी लगातार बढ़ रहे है।
बाजार में अरहर दाल 120-130 रुपये किलो बिक रही है। देसी घी के दाम 710 से 750 रुपये किलो तक पहुंच गए हैं। सरसों तेल 165-180 रुपये लीटर और रिफाइंड तेल 140-160 रुपये लीटर हो गया है। आटा, चावल, मसाले और अन्य किराना सामान के दाम भी 10-15% तक बढ़ गए हैं।
लगातार बढ़ रही महंगाई ने गृहणियों का रसोई बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। लोगों का कहना है कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने से मालभाड़ा बढ़ा है, जिसका सीधा असर खाने-पीने की चीजों पर पड़ा है। पहले 2000 रुपये में महीने भर का राशन आ जाता था, अब 3000 रुपये में भी काम नहीं चल रहा।
किराना व्यापारियों का कहना है कि मंडी में आवक कम है और डीजल महंगा होने से ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ गया है। अरहर की नई फसल आने में अभी समय है, इसलिए दाल महंगी है। वहीं दूध के दाम बढ़ने से देसी घी की कीमतों में उछाल आया है।
आम लोगों ने सरकार से महंगाई पर लगाम लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि पेट्रोल-डीजल पर टैक्स कम कर और जमाखोरी पर रोक लगाकर ही राहत मिल सकती है। अगर ऐसे ही दाम बढ़ते रहे तो आम आदमी के लिए दो वक्त की रोटी जुटाना मुश्किल हो जाएगा।
















