वाराणसी//दिनाक: 21/4/26
यूपी कॉलेज कैंपस में 20 मार्च को छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हुई हत्या के मामले में पुलिस कार्रवाई से नाखुश छात्रों ने एक बार फिर आंदोलन शुरू कर दिया है। सोमवार को छात्रों ने अपने खून से पत्र लिखकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई।
“जिला मुख्यालय पर दिया धरना”
छात्रों का एक प्रतिनिधिमंडल सुबह यूपी कॉलेज परिसर से निकलकर जिला मुख्यालय पहुंचा और मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गया। छात्रों ने खून से लिखा पत्रक जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा।
“पुलिस से उठ गया भरोसा”
छात्रों का आरोप है कि जिला प्रशासन उनके साथ न्याय नहीं कर पा रहा है। अभी तक पुलिस यह खुलासा नहीं कर पाई कि कैंपस में मुख्य अभियुक्त को हथियार किसने उपलब्ध कराया। छात्रों ने कहा, “अब हम लोगों का पुलिस प्रशासन के ऊपर से विश्वास खत्म हो चुका है।
“अभियुक्त के भाई से मिल रही धमकी”
छात्रों ने बताया कि मुख्य अभियुक्त मनजीत का भाई आए दिन सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें धमकी दे रहा है। इसी के विरोध में उन्होंने यह कदम उठाया है।छात्रों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री इस पत्र पर संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करेंगे और उन्हें न्याय दिलाएंगे।
रिपोर्ट – राहुल मोदनवाल
















