वाराणसी:
बकरा ईद त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को लोहता थाना क्षेत्र की कोटवां चौकी परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बैठक में कहा कि त्योहार के दौरान अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस के सीयूजी नंबर पर गोपनीय सूचना दें।

थाना प्रभारी ने कहा कि मस्जिदों में जगह कम होने पर नमाज दो चरणों में अदा की जाए, लेकिन खुले स्थानों या सड़कों पर नमाज न पढ़ी जाए ताकि आम लोगों को असुविधा न हो।
बैठक में ग्रामीणों ने कोटवां क्षेत्र में खुले नाले के जाम होने की समस्या उठाई। अधिकारियों ने जल्द सफाई का आश्वासन दिया। थाना प्रभारी ने कहा कि लोहता पुलिस हर परिस्थिति में क्षेत्रवासियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।

बैठक में कोटवां चौकी इंचार्ज मो. परवेज, उपनिरीक्षक शशिकांत मिश्रा, राज दर्पण तिवारी, विपिन सिंह, कास्टेबल पवन कुमार समेत पुलिस टीम मौजूद रही। कोटवां ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रिज़वान, सरहरी ग्राम प्रधान राजेंद्र पटेल, समाजसेवी तेजू यादव, छितौनी ग्राम प्रधान विजय जायसवाल, राज मिश्रा, मोनू सिंह सहित हिंदू-मुस्लिम दोनों समुदायों के लोग शामिल हुए।
रिपोर्ट : रामबिलास यादव
















