सड़क सुरक्षा को लेकर जौनपुर पुलिस का बड़ा कदम, दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए चलेगा विशेष अभियान
जौनपुर
सड़क दुर्घटनाओं में हर वर्ष सैकड़ों परिवार अपने अपनों को खो देते हैं। इन दर्दनाक हादसों को रोकने और लोगों की जिंदगी बचाने के लिए जौनपुर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। सर्किल केराकत पुलिस द्वारा 4 जून 2026 से “नो हेलमेट-नो एंट्री” अभियान शुरू किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों के सिर पर सुरक्षा का कवच पहनाकर उनके परिवारों की खुशियां सुरक्षित रखना है।
उत्तर प्रदेश पुलिस के जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट (ZFD) कार्यक्रम के अंतर्गत जौनपुर को चिन्हित किया गया है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में केराकत क्षेत्र में व्यापक जागरूकता और चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों की सघन जांच होगी और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि उनका उद्देश्य लोगों को दंडित करना नहीं, बल्कि दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों और गंभीर चोटों को रोकना है।
पुलिस द्वारा बाजारों, चौराहों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक किया जाएगा। साथ ही पेट्रोल पंप संचालकों का सहयोग लेकर बिना हेलमेट आने वाले वाहन चालकों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।
एक हेलमेट, कई जिंदगियों की सुरक्षा
यातायात विशेषज्ञों के अनुसार सड़क दुर्घटना के दौरान सिर में चोट लगना मृत्यु का सबसे बड़ा कारण होता है। हेलमेट न केवल चालक की जान बचाता है बल्कि उसके पूरे परिवार को असहनीय दर्द और संकट से भी बचाता है।
जौनपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है। कि वे स्वयं हेलमेट पहनें और अपने परिवार, मित्रों तथा परिचितों को भी हेलमेट के नियमित उपयोग के लिए प्रेरित करें।
जनता से अपील
सड़क पर निकलने से पहले एक बार अवश्य सोचें आपकी एक छोटी सी लापरवाही आपके परिवार की खुशियां छीन सकती है। हेलमेट पहनिए, सुरक्षित रहिए और दूसरों को भी सुरक्षित रखिए।
जौनपुर पुलिस का संदेश
हेलमेट आपकी पहचान नहीं, आपकी सुरक्षा है।
रिपोर्ट : सुरेश कुमार शर्मा
















