वाराणसी:
नगर निगम वाराणसी ने डोमरी में 350 बीघे में फैले विशाल मियावाकी वन की सुरक्षा और देखभाल के लिए हाईटेक इंतजाम किए हैं। निगम ने धरातल पर एक ‘अभेद्य चक्रव्यूह’ तैयार किया है।

पूरे वन क्षेत्र को मजबूत बाउंड्रीवॉल से सुरक्षित किया गया है। इस महावन की निगहबानी के लिए 42 सीसीटीवी कैमरों की ‘तीसरी आंख’ चौबीसों घंटे सक्रिय है। जमीन पर 14 सुरक्षा गार्ड मुस्तैदी से पेट्रोलिंग कर रहे हैं। रात के लिए फिलहाल 15 पोल पर स्ट्रीट लाइटें लगी हैं, जबकि 206 नए पोल लगाने का प्रस्ताव पास हो चुका है।
पौधों को मौसम की मार से बचाने के लिए एक लाख बांस की सपोर्ट स्टिक लगाई गई हैं। सिंचाई के लिए 6 बोरिंग मुस्तैद हैं, जो 630 स्प्रिंकलर यानी रेनगन के जरिए पूरे वन क्षेत्र को फुहारों से सराबोर रखती हैं। जल संरक्षण के लिए प्रस्तावित चार तालाबों में से दो तालाब पूरी तरह बनकर तैयार हो चुके हैं। ये तालाब पौधों की जड़ों तक नमी बनाए रखने में जीवनदायिनी साबित हो रहे हैं।
















