वाराणसी
देश की प्राचीनतम एवं प्रतिष्ठित शैक्षिक धरोहर “पीएम श्री राजकीय क्वींस कॉलेज“वाराणसी ने इतिहास रच दिया है। हाईस्कूल के छात्र सूर्यदीप प्रजापति ने 25 वर्षों बाद बोर्ड परीक्षा में उत्तर प्रदेश के किसी राजकीय विद्यालय से टॉप-10 रैंक में स्थान हासिल कर वाराणसी और पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
इस ऐतिहासिक सफलता पर ब्रिटेन की नॉटिंघम यूनिवर्सिटी में कार्यरत क्वींस कॉलेज के 1983 बैच के पुरातन छात्र प्रो. डॉ. आनंद श्रीवास्तव ने अपने पिता स्व. गोविंद प्रसाद श्रीवास्तव के नाम पर 51,000 रुपये की वार्षिक मेरिट स्कॉलरशिप शुरू करने की घोषणा की है।
इस वर्ष यह पुरस्कार हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा-2025 में प्रदेश में 6वीं रैंक हासिल करने वाले सूर्यदीप प्रजापति को दिया जाएगा।
डॉ. आनंद वर्तमान में यूनिवर्सिटी ऑफ नॉटिंघम के बाल चिकित्सा विभाग में प्रोफेसर हैं। उन्होंने बताया कि उनकी तीन पीढ़ियां क्वींस कॉलेज से पढ़ चुकी हैं। उनके दादा, पिता व दो भाई भी इसी विद्यालय के छात्र रहे हैं। उनके भाई डॉ. प्रसन्न कुमार प्राथमिक स्वास्थ्य, उत्तर प्रदेश में निदेशक तथा न्यायमूर्ति अरविंद श्रीवास्तव पटना हाईकोर्ट में न्यायाधीश रह चुके हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य “सुमीत कुमार श्रीवास्तव“ने बताया कि मुख्यमंत्री जी का विजन है कि पुरातन छात्रों के सहयोग से मातृसंस्था को समृद्ध किया जाए। इसी विजन के तहत डॉ. आनंद से संवाद हुआ और उन्होंने यह महती पहल की है। पुरातन छात्रों की यह पहल अन्य विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
















