वाराणसी
दिनांक 03.06.2026 को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी वाराणसी सत्येन्द्र कुमार द्वारा दिनांक 08, 09 एवं 10 जून 2026 को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की की परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से अधिकारियों की विस्तृत ब्रीफिंग की गई।
इस दौरान परीक्षा की शुचिता, सुरक्षा एवं पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्देशित किया गया कि परीक्षा केन्द्रों पर सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था, प्रभावी चेकिंग एवं फ्रिस्किंग सुनिश्चित की जाए तथा अभ्यर्थियों की गरिमा एवं सम्मान का पूर्ण ध्यान रखा जाए।
महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिस कर्मियों द्वारा निर्धारित इनक्लोजर में कराए जाने के निर्देश दिए गए। परीक्षार्थियों को केवल वैध प्रवेश पत्र, आधार कार्ड एवं निर्धारित पेन के साथ ही परीक्षा केन्द्र में प्रवेश की अनुमति होगी तथा किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अथवा संचार माध्यम को केन्द्र परिसर में ले जाना पूर्णतः वर्जित रहेगा।
पुलिस आयुक्त ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की चेकिंग, फ्रिस्किंग एवं ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से कराने, सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने, अफवाहों का तत्काल खण्डन करने तथा नकल माफियाओं एवं संदिग्ध तत्वों पर विशेष सतर्क दृष्टि बनाए रखने के निर्देश दिए।
साथ ही परीक्षार्थियों की सुविधा हेतु पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षा स्थल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं विश्वसनीय वातावरण में सम्पन्न कराने पर विशेष बल दिया गया।
इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंसवाल, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य राजपत्रित अधिकारी तथा थाना प्रभारीगण उपस्थित रहे।
















