मोतिहारी, बिहार
पूर्वी चंपारण के जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) राजन कुमार गिरी ने शिक्षा विभाग में फैले भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर फर्जी हाजिरी बनाने और वित्तीय अनियमितता के मामले में मोतिहारी के एम.जे.के. कन्या इंटर कॉलेज के प्रभारी प्रधानाध्यापक लालबाबू साह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
आरोपी प्रभारी HM पर गंभीर आरोप है कि वे पटना, समस्तीपुर और बख्तियारपुर जैसे सुदूर शहरों में रहकर तकनीकी खामियों का फायदा उठाते हुए ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अपनी फर्जी उपस्थिति दर्ज करा रहे थे। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद DEO ने यह सख्त कदम उठाया।
DEO राजन कुमार गिरी के अनुसार, प्रभारी प्रधानाध्यापक पर स्कूल से अनुपस्थित रहने के बावजूद हाजिरी लगाकर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने का आरोप सच साबित हुआ है। इसे वित्तीय भ्रष्टाचार और विभागीय नियमों की धज्जियां उड़ाने का मामला मानते हुए तत्काल निलंबन की कार्रवाई की गई है।
DEO की इस कार्रवाई से जिले के शिक्षा महकमे में हड़कंप मच गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़े को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग में पारदर्शिता लाने के लिए ऐसे मामलों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।
रिपोर्ट – अमरजीत सिंह
















