वाराणसी :
दिनांक 30.05.2026 को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल द्वारा कैम्प कार्यालय में 77वें आरआर(वर्ष 2023) बैच की परिवीक्षाधीन आई0पी0एस0 के स्थानांतरण के अवसर पर एक गरिमामय एवं भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ने मानसी दहिया को उनके उत्कृष्ट सेवाकाल, अनुशासित कार्यशैली, प्रभावी नेतृत्व क्षमता तथा अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में दिए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित करते हुए भावभीनी विदाई दी।

अपने जनपदीय व्यावहारिक प्रशिक्षण के दौरान मानसी दहिया ने कमिश्नरेट वाराणसी में विभिन्न पुलिस इकाइयों एवं शाखाओं में कार्य करते हुए पुलिसिंग के विविध आयामों का गहन अनुभव प्राप्त किया। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा उन्हें थाना चोलापुर का स्वतंत्र प्रभार 12 सप्ताह के लिए सौंपा गया था, जहां उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा सुनिश्चित करने तथा थाना प्रशासन के प्रभावी संचालन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उनके नेतृत्व में थाना क्षेत्र में पुलिस कार्यों का सुव्यवस्थित संचालन हुआ तथा आमजन के साथ बेहतर संवाद एवं विश्वास स्थापित करने की दिशा में सराहनीय कार्य किए गए।
प्रशिक्षण अवधि के दौरान आईपीएस मानसी दहिया ने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ उत्कृष्ट समन्वय स्थापित करते हुए पुलिस कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया। उन्होंने जनसुनवाई, शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, महिला एवं पीड़ित से संबंधित प्रकरणों की संवेदनशील सुनवाई तथा थाना प्रबंधन से जुड़े प्रशासनिक कार्यों का नेतृत्व भी दक्षतापूर्वक किया। उनकी कार्यशैली में अनुशासन, संवेदनशीलता, त्वरित निर्णय क्षमता एवं जनसेवा के प्रति समर्पण स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।
समारोह के दौरान पुलिस आयुक्त द्वारा मानसी दहिया को स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य, सफल सेवाकाल एवं उत्तरोत्तर प्रगति के लिए शुभकामनाएं व्यक्त की गईं।
विदाई समारोह में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त वरूणा जोन प्रमोद कुमार, पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू सहित कमिश्नरेट के अन्य राजपत्रित अधिकारीगण उपस्थित रहे ।
















