लखनऊ:
राजकीय शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार, 27 मई 2026 को निशातगंज स्थित कार्यालय में महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी से भेंट की। संघ ने स्थानांतरण, पदोन्नति और शिक्षकों की अन्य समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा।

प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार गौतम के नेतृत्व में गए प्रतिनिधिमंडल में कार्यकारी अध्यक्ष डॉ सत्यम् शिवम् सुन्दरम्, प्रदेश महामंत्री डॉ अशोक कुमार अवाक, प्रदेश संगठन मंत्री डॉ अमर सिंह एवं डॉ अनिल कुमार पासवान शामिल रहे।
संघ ने मांग की कि शिक्षकों के चयन-वेतनमान, प्रोन्नत-वेतनमान, पदोन्नति और अन्य प्रकरणों में गोपनीय-आख्या, सेवा अनुभव व अन्य अभिलेखों का सत्यापन विद्यालय/कार्यालय में उपलब्ध रिकॉर्ड और सेवा पुस्तिका के आधार पर वर्तमान में पदस्थ उच्चाधिकारियों द्वारा ही कराया जाए। इसके लिए नए सिरे से निर्देश जारी किए जाएं।
महामंत्री डॉ अशोक कुमार अवाक ने बताया कि पूर्व अपर शिक्षा निदेशक राजकीय अंजना गोयल द्वारा इस संबंध में आदेश पहले से जारी है। इसके बावजूद कई प्रधानाचार्य, जिला विद्यालय निरीक्षक और संयुक्त शिक्षा निदेशक आदेश की अवहेलना कर रहे हैं। वे शिक्षकों से तत्कालीन अधिकारियों से अभिलेख सत्यापित कराने की बात कहकर मानसिक, शारीरिक और आर्थिक रूप से परेशान कर रहे हैं, जो विधिक रूप से उचित नहीं है।
संघ ने कहा कि नए निर्देश से शिक्षकों को अनावश्यक दौड़-भाग, पीड़ा, आर्थिक नुकसान और कार्यालयी भ्रष्टाचार से बचाया जा सकेगा। महानिदेशक मोनिका रानी ने इस मामले पर विचार करने का आश्वासन दिया है।
रिपोर्ट – रामबिलास यादव
















