वाराणसी –
बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी के घसियारी टोला, प्रहलाद घाट क्षेत्र के निवासी शिवांग पांडेय ने पूरे शहर का नाम रोशन कर दिया है। शहर के प्रसिद्ध कर्मकांडी विद्वान स्व. पं. बैकुंठ नाथ पांडेय के सुपौत्र और करुणाकर के पुत्र शिवांग पांडेय ने देश के सबसे लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC सीजन 16) में जगह बनाकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे वाराणसी को गौरवान्वित किया है।
शिवांग पाण्डेय का एपिसोड सोमवार, एक दिसंबर 2025 को रात 9 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी LIV ऐप पर प्रसारित होगा।
KBC में चयन के बाद उत्साहित शिवांग ने कहा कि यह सब बाबा विश्वनाथ और अपने पूर्वजों की कृपा से ही संभव हुआ है। मेरे दादाजी स्व. पं. बैकुंठ नाथ पांडेय कर्मकांड के क्षेत्र में बहुत सम्मानित नाम थे। उनका और पूरे परिवार का आशीर्वाद मेरे साथ रहा। मैं सभी काशीवासियों और शुभचिंतकों से अनुरोध करता हूं कि एक दिसंबर को जरूर एपिसोड देखें और अपना आशीर्वाद दें।
शिवांग के चयन की खबर जैसे ही क्षेत्र में फैली, घसियारी टोला और प्रहलाद घाट में बधाइयों का तांता लग गया। पड़ोसी और रिश्तेदार उनके घर पहुंचकर शुभकामनाएं दे रहे हैं। परिवार के लोग भी बेहद खुश हैं और बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद मान रहे हैं।
काशी के इस पारंपरिक कर्मकांडी परिवार का प्रतिनिधि अब अमिताभ बच्चन के सामने हॉटसीट पर बैठकर देशभर के दर्शकों के सामने अपनी ज्ञान-यात्रा दिखाने जा रहा है। एक दिसंबर की रात पूरे वाराणसी की निगाहें टीवी स्क्रीन पर टिकी रहेंगी।
पहले ये लोग भी बैठ चुके हैं केबीसी में इसके पहले ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के सीजन 16 में काशी के देवांग अग्रवाल भी बैठ चुके हैं। गोलघर के साड़ी कारोबारी संजय अग्रवाल के पुत्र देवांग बिग-बी के सामने पांच और छह सितंबर 2024 को शो के प्रसारण के दौरान दिखे थे। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय से बी.कॉम की पढ़ाई पूरी कर चुके देवांग अग्रवाल गोलघर के भाट की गली के निवासी हैं।
आपको बता दें कि साल 2019 में बनारस के छात्र अभिषेक भी केबीसी में पहुंचे थे। उन्होंने 25 लाख की इनामी राशि जीती थी। इनके अलावा 2022 में बाबतपुर एयरपोर्ट के सहायक महाप्रबंधक शानवेंद्र मिश्रा भी केबीसी में बिग बी यानी अमिताभ बच्चन से सवालों के जवाब दिए थे। 2018 में गुड़िया संस्था के अजीत सिंह भी केबीसी में पहुंचे थे। उन्होंने 12.5 लाख रुपये जीते थे।
