वाराणसी –
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार अर्दली बाजार स्थित सपा कार्यालय पर सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ‘लक्कड़’ के नेतृत्व में पूर्व सांसद, वीरांगना फूलन देवी की पुण्यतिथि श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ‘लक्कड़’ ने कहा, “फूलन देवी एक ऐसी महिला थीं जिन्होंने अन्याय, शोषण और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष करते हुए संसद तक का सफर तय किया। उनका जीवन प्रेरणा देता है कि हिम्मत और संघर्ष के बल पर कोई भी व्यक्ति अपने अधिकारों को प्राप्त कर सकता है।
आज के समय में हम सभी को उनके विचारों और संघर्षों को आत्मसात करते हुए समाज में समानता और न्याय की स्थापना हेतु कार्य करना चाहिए।” सपा के वरिष्ठ नेता डाॅ उमाशंकर यादव एवं पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा विश्वकर्मा, ने भी अपने विचार रखते हुए कहा, “वीरांगना फूलन देवी वंचित, शोषित और महिलाओं के अधिकारों की बुलंद आवाज थीं।
उन्होंने अपने संघर्ष से देश को यह सिखाया कि असहाय समझी जाने वाली महिलाएं भी अगर ठान लें तो समाज में क्रांतिकारी परिवर्तन ला सकती हैं। हम सबका दायित्व है कि उनके बताए रास्ते पर चलते हुए समाजवादी मूल्यों को आगे बढ़ाएं।”
इस अवसर पर प्रमुख रूप से सपा के वरिष्ठ नेता उमाशंकर यादव, सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा “विश्वकर्मा”, प्रवक्ता संतोष यादव एडवोकेट “बबलू” कैंट विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी पूजा यादव, बनारस वाले हरीश मिश्रा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य उमेश यादव ‘प्रधान’, सत्यनारायण यादव, लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दीपचंद गुप्ता, धर्मवीर पटेल, राजेन्द्र प्रसाद सिंह, हीरू यादव, रामकुमार यादव समेत कई समाजवादी नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।