वाराणसी
काशी के प्राचीन और पौराणिक महत्व वाले पिशाचमोचन कुंड का अब जल्द ही भव्य कायाकल्प होने जा रहा है। नगर निगम ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कुंड के सुंदरीकरण और आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की योजना शुरू कर दी है।
रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पिशाचमोचन क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को तालाब की सफाई, पाथवे के सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि काशी के धार्मिक स्थलों पर आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने पाथवे के किनारे आकर्षक वाल पेंटिंग कराने, श्रद्धालुओं के बैठने के लिए जगह-जगह बेंच लगाने और धूप-बारिश से बचाव के लिए कैनोपी (शेड) लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही रात के समय कुंड की सुंदरता बढ़ाने के लिए पूरे क्षेत्र में फैंसी स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जाएंगी।
रिपोर्ट – राहुल मोदनवाल
