
वाराणसी – विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने रामनगर में दो शिलान्यास कार्यक्रमों में भाग लेने से इनकार कर दिया, क्योंकि बोर्ड पर प्रधानमंत्री मोदी का नाम उनके नाम से छोटा लिखा गया था।
विधायक ने इस पर नाराजगी जताई और कहा कि मोदी जी मुझसे बड़े नेता हैं और उनका नाम बड़े अक्षरों में लिखा जाना चाहिए। इसके अलावा, विधायक ने बोर्ड पर दूरी और लागत की जानकारी नहीं होने पर भी आपत्ति जताई।
विधायक की नाराजगी के बाद, कार्यदाई संस्था डूडा के अभियंता अमर चंद्र गुप्ता ने गलती को स्वीकार किया और भविष्य में सुधार का आश्वासन दिया। विधायक ने बोर्ड ठीक होने के बाद ही शिलान्यास करने की बात कही और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र भ्रमण पर चले गए।
कुतलूपुर क्षेत्र में घर-घर भ्रमण कर उन्होंने गलियों की स्थिति देखी और जिन गलियों को बनवाने की आवश्यकता थी उनके प्रस्ताव लिए।
ज्ञातव्य हो कि विधायक ने पहले ही विभाग को कहा था कि बोर्ड पर बड़े नेताओं का नाम बड़े फ़ॉन्ट में और उनका नाम छोटे फ़ॉन्ट में होना चाहिए। उसके बाद भी विभाग ने गलत बोर्ड बनाए।
विधायक के साथ भाजपा के महानगर मंत्री डॉ अनुपम गुप्ता, मंडल अध्यक्ष प्रीति सिंह बघेल, नंदलाल चौहान, सृजन श्रीवास्तव, राजकुमार सिंह, मीना देवी, रितेश पाल गौतम, रितेश राय, जय सिंह चौहान, गोविंद मौर्य व अन्य लोग मौजूद रहें।
