वाराणसी:
चेतगंज थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां बीएससी तृतीय वर्ष की एक छात्रा ने एक युवक पर दुष्कर्म और धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन जब वह गर्भवती हुई तो उसने उससे किनारा कर लिया।
शादी के नाम पर बनाया बहाना
जानकारी के मुताबिक, छात्रा की कुछ साल पहले जगतगंज निवासी मध्यम यादव से दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और युवक ने उससे शादी का वादा किया।
पीड़िता का आरोप है कि इसी भरोसे में आकर वह उसके साथ इलाके के एक गेस्ट हाउस में कई बार गई, जहां आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान वह लगातार शादी की बात करती रही, लेकिन आरोपी हर बार बहाना बनाकर टालता रहा।
जाति का दिया हवाला
पीड़िता ने बताया कि वह आरोपी पर पूरा भरोसा करती थी और शादी की उम्मीद लगाए बैठी थी, लेकिन जब वह गर्भवती हुई तो उसका बर्ताव बदल गया और उसने फोन उठाना बंद करके दूरी बनाना शुरू कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि उसने सीधे तौर पर शादी करने से मना कर दिया और कहा कि हम दोनों ही अलग-अलग जाति के हैं, इसलिए शादी करना संभव नहीं है।
यही नहीं आरोपी ने अपनी पत्नी को भी अंधेरे में रखा और इस बात की जानकारी उसकी पत्नी को भी नहीं थी। मामले में नया मोड़ तब आया जब पीड़िता आरोपी के घर पहुंची। वहां उसे पता चला कि युवक पहले से शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है। यह जानकारी मिलने के बाद पीड़िता को गहरा झटका लगा और उसने न्याय के लिए पुलिस का सहारा लिया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
21 वर्षीय पीड़िता ने चेतगंज थाने में पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की और मुकदमा दर्ज कर लिया।
चेतगंज इंस्पेक्टर विजय शुक्ला ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
रिपोर्ट – राहुल मोदनवाल
