महाराष्ट्र में भाषा विवाद इस समय काफी गहराया हुआ है। हिंदी भाषियों के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। इस बीच वाराणसी कैंट स्टेशन पर महाराष्ट्र से आने वाले यात्रियों का स्वागत माला पहना, पुष्प वर्षा कर और मिठाई खिलाकर किया जा रहा है।
इससे एक बड़ा संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है। कैंट स्टेशन पर महाराष्ट्र से आने वाले तीर्थयात्रियों के स्वागत समारोह को आयोजित करने वाले बीजेपी नेता अनूप जायसवाल ने कहा कि कश्मीर हो या महाराष्ट्र, सभी जगह भारत माता की धरती है।
इस पूरे देश को तिरंगा जोड़े रखता है। भले ही वह लोग महाराष्ट्र में रहते हैं, लेकिन राष्ट्र हमारा एक है। भले ही वह कोई भी भाषा बोलते हों, हमारी संस्कृति एक है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में छत्रपति शिवाजी महाराज की तस्वीर भी ले रखी थी। महाराष्ट्र से आने वाले श्रद्धालु भी इस स्वागत से अभिभूत दिखाई दिए।