वाराणसी
राजातलाब तहसील क्षेत्र में होली पर्व के दृष्टिगत सहायक आयुक्त खाद्य-2, वाराणसी के निर्देश पर आमजन को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने हेतु खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में मिल्कीपुर स्थित शिव शक्ति ट्रेडर्स (प्रोप्राइटर: मंशाराम गुप्ता) की दुकान का खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विक्रय हेतु रखे गए बेसन (ब्रांड– शक्तिमान) एवं नमकीन (ब्रांड– सुहाना) की गुणवत्ता पर संदेह होने पर नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
साथ ही बोरो पर मिथ्याछाप पाए जाने के कारण कुल 278 किलोग्राम बेसन (अनुमानित मूल्य ₹27,000) तथा 135 किलोग्राम नमकीन (अनुमानित मूल्य ₹14,000) को सीज कर दिया गया। इस प्रकार कुल 413 किलोग्राम खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई की गई।
क्षेत्राधिकारी पंकज यादव ने कहा कि अभियान लगातार होली तक जारी रहेगा। गुणवत्ता को ध्यान रखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है
इसके अतिरिक्त दीपापुर में खाद्य कारोबारकर्ता राजेश यादव को बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करते पाए जाने पर नोटिस जारी की गई। वहीं खेमापुर स्थित मिठाई की दुकान संचालक प्रद्युम्न को साफ-सफाई में कमी पाए जाने पर सुधार नोटिस दिया गया।
सचल दल में पंकज कुमार यादव, जगदीश नारायण सिंह, रामचरण यादव एवं राजेश यादव शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी और अवैध खाद्य कारोबार पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्ट – रामबिलास यादव
