दिनांक 17.02.2026 को आकाश पटेल, पुलिस उपायुक्त गोमती जोन, कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा गोमती जोन कार्यालय में जोन के समस्त थाना प्रभारियों के साथ कार्यों की विस्तृत समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
समीक्षा के दौरान गैंगेस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट एवं एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत अभियोगों की गहन समीक्षा की गई। वांछित एवं फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान संचालित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। लंबित विवेचनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए विवेचकों के साथ नियमित बैठक कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
गौ-वध से संबंधित प्रकरणों में कठोर निरोधात्मक कार्रवाई, संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी एवं सक्रिय सूचना तंत्र बनाए रखने के निर्देश दिए गए। हिस्ट्रीशीटर (HS) अपराधियों की संख्या, उनके वर्तमान निवास, गतिविधियों एवं आजीविका का सत्यापन कर निरंतर निगरानी रखने को कहा गया। लूट एवं चोरी की घटनाओं में वांछित अभियुक्तों की लोकेशन ट्रेस कर तकनीकी एवं पारंपरिक माध्यमों से शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
जन शिकायतों एवं आईजीआरएस (IGRS) प्रार्थना पत्रों का भौतिक सत्यापन कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। आगामी त्यौहारों को सकुशल संपन्न कराए जाने के दृष्टिगत पीस कमेटी की बैठक आयोजित कर संवेदनशील एवं विवादित स्थलों का भ्रमण कर आवश्यक निवारक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही चिन्हित माफियाओं एवं उनके परिजनों की अर्जित संपत्तियों का सत्यापन कर विधिक प्रावधानों के अंतर्गत जब्ती/कुर्की की कार्रवाई प्रभावी रूप से सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
