चन्दौली – दिनांक: 09.10.2025स्वच्छता पखवाड़ा 2025 के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डीडीयू मंडल ने “स्वच्छ आहार दिवस” मनाया। इस अवसर पर मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर स्थित कैंटीनों, फूड स्टॉलों और पैंट्री कारों में गहन सफाई अभियान चलाया गया।
खाद्य भंडारण क्षेत्रों, बर्तनों की सफाई व्यवस्था और कचरा निस्तारण की प्रक्रिया की विशेष रूप से जांच की गई। खाद्य विक्रेताओं, रसोइयों और सेवा कर्मियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य जांच और साफ-सुथरे संचालन के लिए जागरूक किया गया।

सफाई के साथ-साथ गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण के लाभों को समझाया गया तथा संबंधित स्थलों पर उपयुक्त डस्टबिन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। इन प्रयासों का उद्देश्य खानपान इकाइयों में स्थायी स्वच्छता सुधार लाना और यात्रियों को सुरक्षित व स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराना है।
साथ ही, डीडीयू मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर आज भी “अमृत संवाद” कार्यक्रम सक्रिय रूप से जारी रहा। इस संवाद का उद्देश्य यात्रियों से प्रत्यक्ष बातचीत के माध्यम से उनकी यात्रा अनुभवों, खानपान सेवाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता सुझावों और सेवा सुधार की अपेक्षाओं को समझना है। यात्रियों ने स्टेशन परिसर, पैंट्री सेवा, जल व्यवस्था और सफाई से जुड़ी अपनी राय साझा की।

डीडीयू मंडल ने आज के समवर्ती प्रयासों के माध्यम से स्वच्छता, जन सहभागिता और सेवा गुणवत्ता को सशक्त किया है। मंडल आगामी दिनों में भी स्वच्छता पखवाड़ा के कार्यक्रमों को सक्रिय रूप से जारी रखेगा।
रिपोर्ट – चंचल सिंह
