चन्दौली सकलडीहा
भूपौली पंप कैनाल से निकली मुख्य नहर पर इन दिनों लाखों रुपए लागत से लाइनिंग का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। इस दौरान किसानों के खेतों से मिट्टी निकालकर डालने से आक्रोशित किसानों ने शुक्रवार को जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया।
आरोप है कि बिना सीमांकन और किसानों को जानकारी दिए बगैर मनमानी तरीके से हम लोगों के खेतों से मिट्टी निकाल लिया जा रहा है।भूपौली पंप कैनाल से निकली मुख्य नहर का लाइनिंग कार्य इन दिनों युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। लेकिन नहर के किनारे के किसानों के खेतों से बिना सीमांकन और बिना बताए मिट्टी निकालकर नहर लाइनिंग में प्रयोग किया जा रहा है।
इसकी शिकायत भी किसानों ने जिलाधिकारी को पत्रक के माध्यम से करने के साथ-साथ नहर के चौड़ाई की जानकारी भी मांगी। लेकिन इस पर कोई जवाब अभी तक नहीं मिला। खेतों से मिट्टी निकालने से किसानों के खेत गड्ढा में तब्दील हो जा रहे हैं। खेती-बाड़ी में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इससे आक्रोशित किसानों ने शुक्रवार को नहर के पास पहुंचकर जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया।
चेताया कि विभागीय अधिकारियों द्वारा मनमानी पर लगाम नहीं लगाया गया तो हम लोग सड़क पर भी उतरने का काम करेंगे।
इस मौके पर बलवंत सिंह योगेंद्र सिंह, संजीव सिंह, श्रवण यादव, रामजी सिंह, सुनील सिंह, विनोद कुमार सिंह सहित तमाम किसान उपस्थित रहे। किसानों के हित में नहर के लाइनिंग का काम किया जा रहा है। नहर के किनारे पांच मीटर तक लैंड छोड़ा गया रहता है। जिसमें से जरूरत पर मिट्टी निकालने का काम किया गया था । इसमें अधिकांश जगह पाट भी दिया गया है।
