वाराणसी
सिगरा स्थित नगर निगम परिसर में बनने जा रहे भव्य एवं अत्याधुनिक सदन भवन की आधारशिला आगामी काशी दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रखेंगे। करीब 97 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह भवन आधुनिक तकनीक और काशी की सांस्कृतिक पहचान का संगम होगा। भवन की रूपरेखा काशी और मां गंगा की थीम पर तैयार की गई है।
इसकी बाहरी आकृति शिवलिंग से प्रेरित होगी, जो शहर की आध्यात्मिक विरासत को दर्शाएगी। जी-प्लस फोर (चार मंजिला) स्वरूप में बनने वाले इस भवन का कुल निर्माण क्षेत्र 21,858.01 वर्ग मीटर होगा, जिसे भविष्य में सात मंजिल तक विस्तारित करने का प्रावधान रखा गया है।
निर्माण कार्य सीएंडडीएस, उप्र जल निगम द्वारा ईपीसी मोड पर 15 माह में पूरा करने का लक्ष्य है। नए भवन में जनता को एक ही परिसर में पुलिस चौकी, बैंक, पोस्ट ऑफिस, जन्म-मृत्यु पंजीकरण कक्ष, टैक्स कलेक्शन रूम सहित कई सुविधाएं मिलेंगी।
पहले तल पर 180 पार्षदों की क्षमता वाला आधुनिक सदन हॉल बनाया जाएगा। यह नया सदन भवन न सिर्फ प्रशासनिक व्यवस्था को सशक्त करेगा, बल्कि काशी की सांस्कृतिक पहचान को भी नई ऊंचाई देगा।
