लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट एक महीने तक प्रतिदिन रात 11:30 बजे से सुबह 6:30 बजे तक बंद रहेगा। यह व्यवस्था रविवार से लागू हो चुकी है। एयरपोर्ट प्रशासन ने यह निर्णय विस्तारीकरण कार्यों को ध्यान में रखते हुए लिया है।
इस दौरान दिल्ली से आने वाली इंडिगो की एक उड़ान को री-शेड्यूल किया गया है, जो पहले सुबह 6:05 बजे पहुंचती थी, अब 6:45 बजे आएगी।
अधिकारियों के अनुसार, विस्तारीकरण परियोजना के तहत मौजूदा रनवे की लंबाई 2745 मीटर से बढ़ाकर 4075 मीटर की जाएगी, जिससे बोइंग जैसे बड़े विमानों की लैंडिंग संभव हो सकेगी।
रनवे निर्माण के साथ-साथ 6 से 8 प्रकार की सुरक्षा लाइटें लगाई जाएंगी, जिनका उपयोग विमान की लैंडिंग, टेक-ऑफ और टैक्सींग के दौरान किया जाता है। रात या कम दृश्यता की स्थिति में सुरक्षित विमान संचालन के लिए अन्य आवश्यक लाइटें भी स्थापित की जाएंगी।
एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि रनवे विस्तार का कार्य शुरू हो चुका है और तकनीकी व सुरक्षा कारणों से प्रतिदिन सात घंटे तक विमानों का आवागमन बंद रहेगा
फिलहाल यह व्यवस्था एक माह के लिए लागू की गई है, जिसे आवश्यकता अनुसार आगे बढ़ाया जा सकता है।
