
माघ मेला के दृष्टिगत सहायक आयुक्त खाद्य–2 के निर्देश पर आमजन को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वाराणसी–प्रयागराज रोड स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार यादव द्वारा की गई।

निरीक्षण के दौरान रोहनिया गोविंदपुर स्थित राजेश स्वीट हाउस में लड्डू निर्माण हेतु भंडारित बेसन-चीनी मिश्रण अस्वास्थ्यकर अवस्था में पाया गया। मिश्रण में चूहे की विष्ठा मिलने पर लगभग 30 किलोग्राम सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया। प्रतिष्ठान बिना खाद्य लाइसेंस के संचालित पाया गया, जिस पर खाद्य कारोबारकर्ता राजेंद्र प्रसाद यादव को बिना लाइसेंस संचालन एवं अस्वच्छ दशा में खाद्य पदार्थों के भंडारण व विक्रय के आरोप में नोटिस जारी की गई। साथ ही गुणवत्ता पर संदेह के आधार पर पनीर और बेसन लड्डू के नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।

इसके अतिरिक्त प्रयागराज रोड पर संचालित रेस्टोरेंटों और ढाबों का भी निरीक्षण किया गया। न्यू यादव ढाबा, फैमिली काशी दरबार और सद्गुरु ढाबा को आवश्यक सुधार हेतु नोटिस दिया गया। वहीं सरायमोहन स्थित ढाबा काशी दरबार के संचालक रंजन सिंह को बिना खाद्य लाइसेंस संचालन पाए जाने पर नोटिस जारी की गई।
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया कि माघ मेला के दौरान खाद्य सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।
रिपोर्ट – रामविलास यादव
