सीएम खिलाड़ियों का करेंगे उत्साहवर्धन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार जनवरी को सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्टेडियम में वर्चुअल वॉलीबॉल खेल महाकुंभ का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर मौजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे। 11 जनवरी तक चलने वाली 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे।
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने तैयारियों की कमान संभाल ली है। इसमें देशभर से दिग्गज जुटेंगे। प्रतियोगिता में 1250 खिलाड़ी आठ दिनों तक हिस्सा लेंगे। धर्म और संस्कृति की नगरी काशी अब खेल की दुनिया में नया इतिहास रचने को तैयार है। काशी के इतिहास में यह पहली बार है जब इतने बड़े स्तर की नेशनल चैंपियनशिप आयोजित हो रही है।
उद्घाटन सत्र में उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष व उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बतौर विशिष्ट अतिथि रहेंगे।
आयोजन समिति की उच्चस्तरीय बैठकों में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजन समिति के अध्यक्ष व मेयर अशोक कुमार तिवारी व्यवस्थाओं की कमान संभालकर निगरानी कर रहे हैं।इसी क्रम में शुक्रवार को उन्होंने पार्षदों व भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाकर तैयारियों की समीक्षा की।
आयोजन को भव्य रूप देने के लिए पार्षदों व भाजपा कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
