लखनऊ/उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरु गोविंद सिंह जयंती के अवसर पर बड़ा निर्णय लेते हुए प्रदेश के समस्त माध्यमिक विद्यालयों में 27 दिसंबर 2025 (शनिवार) को अवकाश घोषित कर दिया है।
इस संबंध में शिक्षा निदेशक (माध्यमिक), उत्तर प्रदेश द्वारा सभी जनपदों के जिला विद्यालय निरीक्षकों (DIOS) को आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) द्वारा जारी पत्र के अनुसार, यह अवकाश सामान्य प्रशासन अनुभाग, उत्तर प्रदेश शासन की 02 दिसंबर 2025 की विज्ञप्ति के अनुपालन में घोषित किया गया है। उक्त विज्ञप्ति में वर्ष 2025 के लिए घोषित अवकाशों की सूची में गुरु गोविंद सिंह जयंती को कार्यकारी आदेशों के अंतर्गत शामिल किया गया था।
इसके तहत, पूर्व में 30 दिसंबर 2024 को जारी वर्ष 2025 की अवकाश सूची में क्रम संख्या-31पर संशोधन करते हुए 27 दिसंबर 2025 को गुरु गोविंद सिंह जयंती का अवकाश जोड़ा गया है। यह आदेश राज्य के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा।
शिक्षा विभाग ने निर्देश दिए हैं कि आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू माना जाए और सभी संबंधित शैक्षणिक व प्रशासनिक इकाइयां इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।
गौरतलब है कि गुरु गोविंद सिंह सिख धर्म के दसवें गुरु थे, जिनका जीवन साहस, बलिदान, समानता और धर्म की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उनकी जयंती पर अवकाश की घोषणा से छात्रों, शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों में संतोष और उत्साह देखा जा रहा है।
