वाराणसी
दिनांक 06.12.2025 को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था का भ्रमण कर निरीक्षण किया गया । उन्होंने कचहरी चौराहा, पुलिस लाइन चौराहा, चौकाघाट, तेलियाबाग, लहुराबीर, कबीरचौरा होते हुए मैदागिन चौराहे तक भ्रमण कर जमीनी स्तर पर बढ़ते यातायात दबाव तथा परीक्षाओं के दौरान बढ़े आवागमन की स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। मैदागिन चौराहे पर पैदल निरीक्षण कर वाहनों की आवाजाही, पैदल यात्रियों की सुरक्षा, ट्रैफिक सिग्नल व्यवस्था, डिवाइडर तथा पुलिस बल की तैनाती की विस्तृत समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने ट्रैफिक पुलिस एवं संबंधित थाना प्रभारियों को यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी, अनुशासित और सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। शहर में चल रही एवं आगामी परीक्षाओं के दृष्टिगत परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष पुलिस बल तैनात करने, भीड़ नियंत्रण, वैकल्पिक मार्ग निर्धारण तथा आमजन को निर्बाध आवागमन उपलब्ध कराने की योजना बनाने के निर्देश प्रदान किए गए। साथ ही सड़क पर बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमण एवं अवैध पार्किंग के विरुद्ध सघन अभियान चलाते हुए कड़ी विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि “सुरक्षित, अनुशासित एवं सुगम यातायात हमारी शीर्ष प्राथमिकता है तथा सभी अधिकारी फील्ड में सक्रिय रहकर जिम्मेदारी से कार्य करें।

इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय एवं कानून-व्यवस्था शिवहरी मीणा, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन सरवणन टी., अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
