पानीपत पुलिस ने बुधवार को एक ऐसी महिला को गिरफ्तार किया जिसे सुंदर दिखने वाली बच्चियों से बेइंताह नफरत है। उसकी इस नफरत ने तीन मासूम बच्चियों और खुद उसके बेटे की जान ले ली।
पानीपत के इसराना थाना क्षेत्र के नौल्था गांव में पानी के टब में डूबने से हुई बच्ची विधि (6) की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। बच्ची के दादा सेवानिवृत एसआई पाल सिंह ने पानी में डुबोकर बच्ची की हत्या करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मृतक बच्ची के दादा की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीआईए-1 की टीम परिवार की करीबी रिश्तेदार महिला समेत कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कुछ तथ्य सामने आए हैं। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा। उधर, मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
शादी की खुशियां भी मातम में बदल गई हैं। सोनीपत के भावड़ गांव निवासी पाल सिंह ने बताया कि उनका परिवार सोनीपत के रामनगर में रहता है। उनकी रिश्तेदार नौल्था गांव निवासी सतपाल के बेटे अमन की शादी थी। सोमवार को उसकी बारात गई थी। जिसमें शामिल होने के लिए वह अपनी पत्नी ओमवती, बेटे संदीप, पुत्रवधू, पोती विधि और 10 माह के पौत्र के साथ शामिल होने के लिए आए थे।
