रक्सौल/हरैया, मोतिहारी
पूर्वी चंपारण जिले के हरैया थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों में स्विट्जरलैंड की एक महिला और म्यांमार का एक युवक शामिल है। दोनों पर बिना वैध वीजा और पासपोर्ट के अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने का आरोप है।
हरैया थाना पुलिस नियमित जांच अभियान पर थी। इसी दौरान कस्टम चौक के पास दोनों विदेशी नागरिक संदिग्ध अवस्था में मिले। पुलिस ने तत्काल उनसे पूछताछ की और यात्रा संबंधी दस्तावेज मांगे। जांच में दोनों के पास भारत में प्रवेश के लिए जरूरी वैध दस्तावेज नहीं मिले, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
हरैया थाना पुलिस ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों विदेशी नागरिकों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए भेज दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों किस मार्ग से भारत में दाखिल हुए और उनके भारत आने का असल उद्देश्य क्या था
मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस और एजेंसियां संयुक्त रूप से जांच कर रही हैं।
रिपोर्ट – अमरजीत सिंह
















