पिंडरा
राम नवमी के अवसर पर बॉम्बे हाई कोर्ट में अवकाश घोषित करने की मांग को लेकर पिंडरा क्षेत्र के मझवा निवासी अधिवक्ता घनश्याम उपाध्याय ने मुख्य न्यायाधीश को पत्र भेजा है। पत्र को अत्यंत आवश्यक बताते हुए तत्काल संज्ञान लेने का अनुरोध किया गया है।
पत्र में कहा गया है कि भगवान श्रीराम भारतीय संस्कृति और आस्था के प्रमुख प्रतीक हैं तथा राम नवमी एक महत्वपूर्ण पर्व है। इसके बावजूद बॉम्बे हाई कोर्ट में इस दिन अवकाश न होना उचित नहीं बताया गया है, जबकि अन्य धार्मिक अवसरों पर अवकाश दिया जाता है।
अधिवक्ता ने यह भी उल्लेख किया है कि सुप्रीम कोर्ट, अन्य उच्च न्यायालयों तथा केंद्र व राज्य सरकारों में राम नवमी पर अवकाश रहता है। उन्होंने इसे संविधान के अनुच्छेद 14, 15, 21 और 25 से जुड़ा विषय बताते हुए अवकाश घोषित करने की मांग की है।
इस पहल को लेकर पिंडरा क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने अधिवक्ता घनश्याम उपाध्याय के प्रयास की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए गर्व की बात बताया है।
